रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत पी.एच.डी. प्रवेश प्रक्रिया हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 मार्च से प्रारंभ होगी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।
माननीय कुलपति डॉ. ललित प्रकाश पटैरिया के मार्गदर्शन एवं कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान के निर्देशन में जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विषयों में निर्धारित सीटों पर प्रवेश हेतु पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित योग्यता मानदंड एवं प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।

कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) एवं संबंधित नियामक संस्थाओं के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं गुणवत्ता मानकों के साथ संपन्न की जाएगी। प्रवेश परीक्षा की तिथि, परीक्षा केंद्र, पाठ्यक्रम तथा अन्य आवश्यक निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर पृथक से प्रकाशित किए जाएंगे। नेट, सेट एवं जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
कुलपति महोदय ने शोध के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित कार्य को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन करने का आग्रह किया है। विश्वविद्यालय अनुसंधान को सुदृढ़ करने तथा क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय विकास में शैक्षणिक योगदान सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
कुलसचिव डॉ तरुण धर दीवान ने छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ एस. भारतीदासन एवं आयुक्त डॉ. संतोष कुमार देवांगन सर के मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया,
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से पी.एच.डी. प्रवेश की मांग की जा रही थी। शोध के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि एवं विभिन्न संकायों में अनुसंधान के अवसरों के विस्तार को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पूर्व में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा शोध पंजीयन प्रारंभ करने के संबंध में अनुरोध प्राप्त हुए थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है। विस्तृत जानकारी एवं अधिसूचना विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।





