जांजगीर। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से जिले के अलग-अलग क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया, जाँच के दौरान भारी वाहनों में हेल्पर नहीं रखना पाया गया जिसके बाद 153 बड़े वाहनों को पुलिस ने पकड़कर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई किया।
आपको बता दें अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले भर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में एवं SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में इस अभियान के तहत ट्रेलर, हाइवा, ट्रक सहित अन्य भारी वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि कई बड़े वाहन बिना हेल्पर के संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे वाहनों के चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई।
बड़े वाहनों में हेल्पर की अनुपस्थिति से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, क्योंकि हेल्पर वाहन को पीछे करते समय, संकरे मार्गों में वाहन निकालते समय तथा आपात स्थिति में चालक की सहायता करता है।
हेल्पर की मौजूदगी से सड़क पर अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। कई मामलों में यह देखा गया है कि बिना हेल्पर के बड़े वाहन चलाने से चालक को पर्याप्त दृश्य सहायता नहीं मिल पाती, जिससे दुर्घटनाएं होने की आशंका बढ़ जाती है।
जांजगीर पुलिस की अपील
पुलिस ने सभी वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वे बड़े वाहनों का संचालन करते समय नियमों का पालन करें तथा अनिवार्य रूप से हेल्पर रखें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।




