
कुछ दिन पहले हाथी भी करंट से मरा था
रायगढ़। जिले में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए शिकारियों द्वारा जगह जगह बिजली का तार लगा दिया जा रहा है इससे सूअर तो नहीं मर रहा लेकिन करंट की चपेट में आकर जंगली जानवर हाथी व मनवों की जान जा रही है, थाना पूंजीपथरा क्षेत्र के ग्राम जिवरी में एक महिला की करंट लगने से हुई मौत के मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गैर इरादतन हत्या के अपराध में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 23अक्टूबर को जीवरी के सुनाऊ मांझी ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी घसनीन मांझी 21 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे गांव के ही रामकुमार मांझी के साथ घर से निकली थी और रात में वापस नहीं लौटी। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पतासाजी के दौरान 25 अक्टूबर को घसनीन मांझी का शव ग्राम जिवरी बकियानार में दिलीप अग्रवाल के खेत के पास बिजली के करंट से झुलसा हुआ पाया गया। मौके से पुलिस ने जी.आई. तार और बांस का डंडा जब्त किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण बिजली करंट से मृत्यु बताया गया।
जांच में सामने आया कि गांव के किर्तन मांझी, बलीराम मांझी और राजेश राठिया ने जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत के ऊपर से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के हाई वोल्टेज तार में हुकिंग कर जी.आई. तार बिछाई थी। मृतिका उसी तार के संपर्क में आने से करंट लगने से महिला की मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद धारा 105, 3(5) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इन आरोपियों को भेजा गया जेल
1. किर्तन मांझी पिता स्व. घांसीराम मांझी (उम्र 40 वर्ष),
2. बलीराम मांझी पिता फागुलाल मांझी (उम्र 45 वर्ष),
3. राजेश राठिया पिता गंगाराम राठिया (उम्र 28 वर्ष) निवासी ग्राम जिवरी, थाना पूंजीपथरा, को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।





