- पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
रायगढ़ । लैलूंगा पुलिस ने महिला की संदिग्ध मृत्यु के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला की हत्या उसके पति ने सिर्फ़ इसलिए कर दी क्योंकि महिला ने मुर्गा पकाने से मना कर दिया था।
पुलिस के अनुसार थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम काराडेगा पटेलपारा में दिनांक 24 दिसंबर 2025 की शाम पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। *आरोपी गिरधारी पैकरा उम्र 27 वर्ष निवासी काराडेगा पटेलपारा* द्वारा थाना लैलूंगा में मर्ग सूचना दर्ज कराई गई थी, जिसमें उसने बताया कि उसकी पत्नी डिजेश्वरी पैकरा ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा की गई जांच एवं शव परीक्षण रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा महिला की मृत्यु गला दबाने से होने की पुष्टि की गई । जांच में यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 24.12.2025 की शाम आरोपी बिना पूछे मुर्गा-मटन लेकर घर पहुंचा, जिस पर पत्नी द्वारा नाराजगी जताए जाने से दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे की फुंकनी एवं धारदार परसूल से मारपीट कर रस्सी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को लटका दिया फंदे में
हत्या के बाद आरोपी ने अपराध को छुपाने की नीयत से महिला के शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया और परिजनों व ग्रामीणों को झूठी जानकारी दी। मर्ग जांच में अपराध के साक्ष्य छुपाने एवं मिथ्या सूचना देने की पुष्टि होने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 03/2026 धारा 103(1) एवं 238 भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना अधिकारी द्वारा आरोपी से मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लोहे की फुकनी और परसूल और महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी गिरधारी पैकरा को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





