● शहीद नंदकुमार पटेल विवि से जुड़े जांजगीर जिला के कॉलेज के विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ी..
⇒ आज कुल उत्सव पर विशेष..
जांजगीर ।
जनवरी 2020 में बड़े सपनों के साथ प्रारंभ शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ पाँच वर्ष पूरे कर चुका लेकिन विश्वविद्यालय की स्थिति आज भी बेहद दयनीय है। न भवन बना, न स्थायी स्टाफ की नियुक्ति हुई, न ही यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) की शुरुआत हो सकी।
विश्वविद्यालय का पूरा संचालन आज भी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों के सहारे हो रहा है। शोध कार्य की स्थिति भी चिंताजनक है। पाँच साल में पीएचडी प्रवेश परीक्षा तक आयोजित नहीं की जा सकी है, जिससे शोधार्थियों में भारी निराशा है। विवि का अपना भवन तक नहीं है। किराए के भवन केआईटी में इसका संचालन जैसे तैसे हो रहा है।इस विश्वविद्यालय से रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़ जिलों के करीब 140 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इतने व्यापक विस्तार के बावजूद, विश्वविद्यालय अब तक अपना स्थायी भवन तक नहीं बना पाया है।स्थानीय शिक्षाविदों का कहना है कि यह विश्वविद्यालय नाम के सम्मान का प्रतीक तो बन गया है, पर शिक्षा का केंद्र नहीं बन सका।
राजनीतिक विडंबना भी चर्चा में.. यह विश्वविद्यालय उस समय गठित हुआ था जब राज्य में कांग्रेस सरकार थी और शहीद नंदकुमार पटेल के पुत्र उमेश पटेल स्वयं उच्च शिक्षा मंत्री थे। इसके बावजूद, पाँच वर्षों में न कोई निर्माण कार्य आरंभ हुआ, न ही स्थायी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी।
छात्रों और प्राध्यापकों का कहना है कि सरकार ने भवन निर्माण, स्टाफ नियुक्ति और शोध कार्य के लिए कोई ठोस कदम अब तक नहीं उठाया। विश्वविद्यालय केवल औपचारिक बन गया है।”
जयंती पर ‘कुल उत्सव’ लेकिन विकास ठप.. हर वर्ष 8 नवंबर को शहीद नंदकुमार पटेल की जयंती पर विश्वविद्यालय में “कुल उत्सव” मनाया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि शिक्षा और विकास दोनों ठहर गए हैं।
हस्तक्षेप की जरूरत.. विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य सरकार को विश्वविद्यालय के भवन, स्टाफ और अकादमिक गतिविधियों के लिए तात्कालिक वित्तीय स्वीकृति देनी चाहिए, अन्यथा यह विश्वविद्यालय कागज़ी उपलब्धि बनकर रह जाएगा।
जांजगीर चाम्पा विधायक ने की मांग..
शहीद नंदकुमार पटेल विवि में जांजगीर चाम्पा जिले के कॉलेजों को शामिल कर दिया गया है इससे इस जिले के विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है, इसे देखते हुए जांजगीर चाम्पा विधायक व्यास कश्यप ने उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को ज्ञापन देकर जिले के कॉलजों को अटल बिहारी वाजपेयी विश्व विद्यालय से सम्बद्धता देने की मांग की है..





